पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, आर्थिक मदद का दिया सहारा
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के दो पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। दोनों परिवारों के सदस्यों की अलग-अलग परिस्थितियों में मौत हुई थी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा जानी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पिपराइच निवासी मुन्नी देवी के पति की कैंसर से मृत्यु हुई थी। वहीं, औरंगाबाद ग्राम निवासी आदित्य प्रजापति की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री ने दोनों परिवारों के परिजनों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दोनों परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
