×

घघसरा में गूंजे श्याम बाबा के जयकारे, श्रद्धा के साथ निकली भव्य निशान यात्रा

घघसरा में गूंजे श्याम बाबा के जयकारे, श्रद्धा के साथ निकली भव्य निशान यात्रा

पाली। नगर पंचायत घघसरा में शनिवार को श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में खाटू श्याम जी की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा नगर ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंज उठा।

निशान यात्रा का शुभारंभ दुर्गा मंदिर पुलिस चौकी रोड स्थित परिसर में पूजा-अर्चना के बाद हुआ। इसके बाद सैकड़ों श्याम भक्त हाथों में केसरिया निशान लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा घघसरा बाजार, रिठूआखोर रोड, जयराज नगर, जेठू नगर, ठर्रापार अस्पताल तिराहा, कुसम्हा रोड और संकट मोचन हनुमान मंदिर होते हुए बाबा श्याम मंदिर परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

घघसरा में गूंजे श्याम बाबा के जयकारे, श्रद्धा के साथ निकली भव्य निशान यात्रा

यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। समाजसेवियों और व्यापारियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर जलपान और शरबत की व्यवस्था की गई। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे भी निशान यात्रा में शामिल हुए।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि खाटू श्याम जी की कृपा से यह निशान यात्रा प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है। इस वर्ष यात्रा का तीसरा आयोजन है। इसके तहत रविवार शाम श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। संकीर्तन के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन होगा।

समिति के अनुसार, श्याम भक्तों में निशान यात्रा को लेकर विशेष आस्था है और श्रद्धालु श्रद्धा के साथ बाबा श्याम को निशान अर्पित करते हैं।

Share this story