×

थानों में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष, श्रद्धा से मनाई गई जन्माष्टमी

थानों में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष, श्रद्धा से मनाई गई जन्माष्टमी

गोरखपुर। जिले के सभी थानों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। थाना परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गईं। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही थानों में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष गूंज उठे।

चिलुआताल थाने में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ भगवान राधा-कृष्ण का विधिवत पूजन-अर्चन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न हुई और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।

चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने किया पूजन

जन्माष्टमी समारोह में चिलुआताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विभिन्न चौकियों के चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक और पुलिस जवान शामिल हुए। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, थाना परिसर शंख-घंटियों और जयकारों से गूंज उठा।

जन्मोत्सव के बाद भगवान श्रीकृष्ण की आरती की गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने भी भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पुलिसकर्मियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

कर्तव्य के साथ आस्था का दिखा संगम

जन्माष्टमी के अवसर पर थानों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में पुलिसकर्मियों की आस्था के साथ आपसी एकजुटता भी नजर आई। वर्षभर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के साथ पर्व का उत्साह भी साझा किया।

चिलुआताल थाने में देर रात तक भक्ति गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल कृष्णमय बना रहा। बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर पुलिसकर्मियों ने थाना क्षेत्र सहित पूरे जनपद में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना की।

जिले के अन्य थानों में भी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान, पूजन-अर्चन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया।

Share this story