सिहापार-घुरियापार मार्ग पर हटाईं गईं झाड़ियां, मोड़ों पर बढ़ी दृश्यता
सहजनवां। सहजनवां थाना क्षेत्र के घुरियापार में सड़क सुरक्षा और जनसुविधा को लेकर ग्राम प्रधान श्रवण कुमार की पहल पर सिहापार-घुरियापार मार्ग के किनारे सफाई अभियान चलाया गया। जेसीबी की मदद से सड़क के दोनों किनारों पर लंबे समय से उगी घनी झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पतियों को हटाया गया। सफाई के बाद सड़क के मोड़ों पर दृश्यता बेहतर होने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क किनारे झाड़ियां काफी घनी हो गई थीं। खासकर मोड़ों पर झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। रात के समय यह समस्या और बढ़ जाती थी।
समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने जेसीबी लगाकर सड़क की दोनों पटरियों की सफाई कराई। झाड़ियों के हटने के बाद मार्ग पहले की अपेक्षा अधिक खुला और साफ दिखाई देने लगा है। इससे मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहनों को देखने में आसानी होगी। साथ ही पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी सड़क किनारे आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
सफाई कार्य के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की पहल की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे झाड़ियों के कारण लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। अब सफाई होने से मार्ग पर आवागमन अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देना ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी है। सड़क के मोड़ों पर झाड़ियों के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही थी, इसलिए जेसीबी की मदद से दोनों पटरियों की सफाई कराई गई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्य आगे भी प्राथमिकता के आधार पर कराए जाते रहेंगे।
