गोरखपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ा भारी! 2 दिन में 1470 वाहनों पर कार्रवाई, ओवरस्पीड वालों पर सबसे ज्यादा शिकंजा
गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए गोरखपुर में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 1470 से अधिक वाहनों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस उप महानिरीक्षक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देश पर 20 और 21 जून को चलाया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव और एआरटीओ अरुण कुमार के नेतृत्व में विभिन्न प्रमुख चौराहों, व्यस्त सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों पर हुई। कुल 416 वाहनों का चालान तेज रफ्तार में वाहन चलाने के कारण किया गया। इसके अलावा 412 वाहन नो-पार्किंग जोन में खड़े पाए गए, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों की अनदेखी कर बिना हेल्मेट वाहन चला रहे 351 दोपहिया चालकों को दंडित किया गया, जबकि सीट बेल्ट न लगाने वाले 45 वाहन चालकों का भी चालान किया गया। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 23 लोगों को पकड़ा, जबकि रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले 33 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) वाले वाहनों को भी नहीं छोड़ा गया।
यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से हेल्मेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है।
प्रशासन का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
