गोरखपुर क्लब से निकली सेवा ज्योति यात्रा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘25 साल जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। गोरखपुर क्लब से निकली सेवा ज्योति यात्रा में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में गोरखपुर के सांसद रवि किशन और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने सहभागिता करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान राज्यसभा सदस्य डॉ. राधा मोहन अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक रमेश प्रताप गुप्ता, विधायक विमलेश पासवान, महेंद्र पाल सिंह, श्रवण निषाद, फतेहबहादुर सिंह, पूर्व महापौर सत्या पांडेय तथा महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गोरखपुर क्लब से प्रारंभ हुई यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसेवा से राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा और सुशासन के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना भाजपा के संगठन की मूल शक्ति है। सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सेवा ज्योति यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

