गोरखपुर। पिछले तीन दिनों से लगातार हुई भारी बारिश के बाद रविवार को बारिश थमते ही नगर निगम प्रशासन ने जल निकासी और सफाई व्यवस्था को लेकर अभियान तेज कर दिया। नगर आयुक्त ने सुबह आठ बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने गोलघर, विजय चौक, सावित्री हॉस्पिटल, सुमेर सागर, धर्मशाला अंडरपास, बेतियाहाता स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर, आर्यन हॉस्पिटल वाली गली, चंपा देवी पार्क के आसपास के क्षेत्र, गोरक्ष एंक्लेव के सामने स्थित कॉलोनियों तथा पाम पैराडाइज के पास रेगुलेटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर जल निकासी की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुबह 8:30 बजे नगर आयुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहर में जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक तथा निर्माण और जलकल विभाग के अभियंता मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर जलभराव और सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने तथा समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
बारिश के बाद नालों में जमा कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया। सफाई के बाद संबंधित क्षेत्रों में चूना, मेलाथियान और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए, ताकि मच्छरों के प्रजनन और मलेरिया सहित अन्य जलजनित बीमारियों की संभावना को कम किया जा सके। जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी और सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
