×

पदभार संभालते ही एक्शन में मंडलायुक्त, कमिश्नरी की व्यवस्थाओं की परखी हकीकत

पदभार संभालते ही एक्शन में मंडलायुक्त, कमिश्नरी की व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
 कमिश्नरी में मंडलायुक्त का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों पर जताई सख्ती

गोरखपुर। नवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को कमिश्नरी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन उन्होंने कोर्ट शाखा, रिकॉर्ड रूम एवं सांख्यिकी विभाग का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने सबसे पहले कोर्ट शाखा का निरीक्षण कर लंबित वादों की स्थिति, फाइलों के निस्तारण एवं अभिलेखों के रख-रखाव की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि न्यायिक मामलों में अनावश्यक विलंब आमजन की परेशानी का कारण बनता है। इसलिए सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने फाइलों की इंडेक्सिंग एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर भी विशेष जोर दिया।

इसके बाद मंडलायुक्त ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों के संरक्षण, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों के डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि रिकॉर्ड रूम किसी भी कार्यालय की आधारशिला होता है। अभिलेखों को वर्षवार एवं विषयवार सुरक्षित रखने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके।

सांख्यिकी विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं से संबंधित आंकड़ों के संकलन, संधारण एवं विश्लेषण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन को भेजी जाने वाली सभी रिपोर्टें तथ्यात्मक, त्रुटिरहित एवं अद्यतन हों। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े अत्यंत आवश्यक हैं।

मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, अनुशासन एवं कार्य निष्पादन की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध उपस्थिति, पारदर्शी कार्यशैली तथा जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में आने वाले आमजन को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अनुभागों में कार्यप्रणाली को सरल एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया।

उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने तथा जहां कहीं भी व्यवस्थाओं में कमी हो, उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि कमिश्नरी की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक गुणवत्ता में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Share this story