संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश कैडर की 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अनुज मलिक ने संतकबीरनगर के जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के पद पर तैनात थीं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं और विभिन्न विभागों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली।
अनुज मलिक मूल रूप से दिल्ली के लाजपत नगर की रहने वाली हैं। उन्होंने एयर फोर्स बाल भारती स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक किया। इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में 16वीं रैंक हासिल कर आईएएस के लिए चयनित हुईं।
प्रशासनिक सेवा में आने के बाद अनुज मलिक ने वाराणसी में असिस्टेंट कलेक्टर एवं असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य किया। इसके बाद गोरखपुर मंडल में संयुक्त मजिस्ट्रेट और एसडीएम की जिम्मेदारी संभाली। वह कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) भी रह चुकी हैं। इसके बाद उन्हें GIDA के CEO की जिम्मेदारी दी गई, जहां उन्होंने औद्योगिक विकास, निवेश से जुड़ी परियोजनाओं और प्राधिकरण के प्रशासनिक कार्यों को संभाला।
जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण करने के बाद हुई बैठक में अनुज मलिक ने अधिकारियों से विभागवार कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विकास योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक गतिविधियों और विभागों के बीच समन्वय की स्थिति पर भी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
अनुज मलिक के पति गौरव सिंह सोगरवाल भी 2017 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में महराजगंज के जिलाधिकारी हैं। अनुज मलिक के संतकबीरनगर की डीएम बनने के बाद पूर्वांचल के दो जिलों संतकबीरनगर और महराजगंज की प्रशासनिक कमान एक ही बैच के इस आईएएस दंपती के पास है।
