×

बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने की उच्चस्तरीय बैठक

बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने की उच्चस्तरीय बैठक

गोरखपुर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एनेक्सी सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ पीस कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बैठक में कहा कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से कुर्बानी स्थलों के आसपास स्वच्छता, कूड़ा उठान और सैनिटाइजेशन की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।


बैठक में एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार एवं एडीएम प्रशासन वैभव शर्मा ने भी अपने-अपने स्तर से तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र एवं एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने पुलिस व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।


सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव एवं संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी, जिससे स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।


बैठक में पीस कमेटी के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे और प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने अपील की कि सभी लोग परंपराओं का पालन करते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।


डीएम ने पशु बाजारों की व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, बिजली की निर्बाध आपूर्ति एवं ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए।


एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के दृष्टिगत सभी प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई जाएगी और ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


बैठक में जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने संयुक्त रूप से सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है।


इस अवसर पर एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन वैभव शर्मा, एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, विभिन्न क्षेत्राधिकारी, एसडीएम तथा पीस कमेटी के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story