गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंगलवार को एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने जिले के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों (ईओ) के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अभियान के तहत अब तक की गई तैयारियों, प्रस्तावित कार्यक्रमों और नगर निकायों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की प्रगति की जानकारी ली।
एडीएम सिटी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। इस दौरान नगर निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधरोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर और पदयात्रा समेत विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं। 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ के अवसर पर स्वच्छता, पौधरोपण, श्रमदान, स्वास्थ्य जांच और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शाम को प्रमुख स्थानों और बूथ क्षेत्रों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम प्रस्तावित है।
एडीएम सिटी ने सभी ईओ को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्रों में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए। इसके लिए शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगर निकायों में कूड़ा निस्तारण, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एडीएम सिटी ने कहा कि अभियान के दौरान नगर निकायों की व्यवस्थाएं बेहतर रहनी चाहिए। सभी ईओ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करें और अभियान शुरू होने से पहले अधूरी तैयारियों को हर हाल में पूरा कर लें।
बैठक में जिले के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
