×

पिस्टलनुमा चाइनीज लाइटर लहराकर वीडियो वायरल करने वाले युवक पर कार्रवाई

पिस्टलनुमा चाइनीज लाइटर लहराकर वीडियो वायरल करने वाले युवक पर कार्रवाई

गोरखपुर। सोशल मीडिया पर पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लहराते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में एम्स थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टलनुमा चाइनीज लाइटर भी बरामद किया है। जांच में यह वस्तु वास्तविक पिस्टल के बजाय लाइटर निकली।

पुलिस के अनुसार, एम्स थाना क्षेत्र के रजही मौर्या टोला निवासी राहुल निषाद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वह हाथ में पिस्टल जैसी दिखाई देने वाली वस्तु लहराता नजर आ रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने राहुल निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वीडियो में इस्तेमाल किया गया पिस्टलनुमा चाइनीज लाइटर बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, बरामद वस्तु वास्तविक असलहा नहीं है।

मामले में पुलिस ने राहुल निषाद पुत्र नगीना निषाद, निवासी रजही मौर्या टोला, थाना एम्स, गोरखपुर के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। बरामद लाइटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर असलहे जैसी दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन कर वीडियो वायरल करने से लोगों में भ्रम और भय की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे मामलों में सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this story