दलित महिला से मारपीट और अभद्रता का आरोप, सपा मजदूर सभा के पदाधिकारी समेत कई पर मुकदमा दर्ज
सहजनवां। गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र में एक दलित महिला के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के एक पदाधिकारी सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सीहापार प्रधान टोला निवासी कमलावती कन्नौजिया ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह किसी कार्य से गांव में गई थीं। इसी दौरान जब वह गांव निवासी छविनाथ यादव के घर के सामने से गुजर रही थीं, तब पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि पहले आरोपी की पत्नी ने उन्हें अपशब्द कहे। विरोध करने पर छविनाथ यादव ने कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां कीं और उन्हें घर के अंदर खींच लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी, उसकी पत्नी और बच्चों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। पीड़िता के अनुसार पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर छविनाथ यादव, उनकी पत्नी और अन्य पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी छविनाथ यादव समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के सहजनवां विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हैं।
इस संबंध में सहजनवां थाना प्रभारी संजय मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
