×

फर्जी दस्तावेज से जमीन का बैनामा कराने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज से जमीन का बैनामा कराने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर। पिपराइच थाना पुलिस ने जमीन के बैनामे में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज के इस्तेमाल के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामराज पुत्र रामदुलारे, निवासी बड़ी रेतवहिया जंगल धूसण, थाना पिपराइच, गोरखपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में वादी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रामराज उसे जमीन की वरासत कराने के बहाने तहसील ले गया। आरोप है कि इसी दौरान कूटरचित और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा किसी अन्य व्यक्ति के नाम करा दिया गया। जानकारी होने पर वादी ने पिपराइच थाने में शिकायत दर्ज कराई।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 750/2025 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 318(4), 319(2), 351(3), 338, 336(3), 339 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story