×

सीएचसी गेट के पास टूटी पुलिया बन सकती है हादसे की वजह

स्कूली बसों समेत सैकड़ों राहगीरों की जान जोखिम में, जिम्मेदार बेखबर  

सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा ब्लाक अंतर्गत क्षेत्र स्थित के ग्राम सभा भरसाड  नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के पास की पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर बने भीषण गड्ढे और टूटी पुलिया के कारण रोजाना सैकड़ों लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। यह मार्ग बेहद व्यस्त है। इसी रास्ते से रोजाना दर्जनों स्कूली बसों का आवागमन होता है। साथ ही यह नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी है। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

   
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम सभा के जिम्मेदारों द्वारा अनदेखी के चलते भारी डंपरों का इस मार्ग से लगातार आवागमन होता रहा। ओवरलोड डंपरों के गुजरने से पुलिया धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त हो गई और अब पूरी तरह टूट चुकी है। इसके बावजूद आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।   
स्कूल बस चालकों का कहना है कि टूटी पुलिया से बस निकालते समय हर पल हादसे का डर बना रहता है। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। बारिश के दिनों में गड्ढे में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है।  

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा कभी इस मार्ग का निरीक्षण नहीं किया गया और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई आवाज उठाई गई। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल योजनाओं का लाभ लेना नहीं, बल्कि जनता की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षित आवागमन की जिम्मेदारी निभाना भी है।   

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए टूटी पुलिया और सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा होने से पहले स्थिति को संभाला जा सके।

Share this story