शिकारियों पर शिकंजा, 4 हजार तोतों को मिली नई जिंदगी, वन दरोगा सम्मानित
गोरखपुर। वन्यजीव संरक्षण और वन अपराधों की रोकथाम के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वन दरोगा विजय कुमार शुक्ल को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वन विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई और वन संरक्षण में उनके योगदान की विभागीय अधिकारियों ने सराहना की।
सहबाजगंज, थाना सहजनवां, गोरखपुर निवासी विजय कुमार शुक्ल वर्तमान में तिलकोनिया रेंज के अंतर्गत रजही सेक्शन प्रभारी के पद पर तैनात हैं। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में उनकी टीम अब तक करीब 4,000 तोतों को शिकारियों और तस्करों के चंगुल से मुक्त करा चुकी है।
वन विभाग की टीम ने कछुआ तस्करी के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तस्करों के कब्जे से मुक्त कराए गए वन्यजीवों को नियमानुसार प्राकृतिक वातावरण में पुनर्वासित कराने में भी विजय कुमार शुक्ल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इसके अलावा कुसम्ही वन क्षेत्र में विरासत वाटिका, पौधरोपण और नगर वन की स्थापना जैसे कार्यों में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटान के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर वन अपराधों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया।
वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए मुख्य वन संरक्षक डॉ. बोनिक चन्द्र ब्रह्मा, डीएफओ गोरखपुर शुभम सिंह तथा एसडीओ गोरखपुर विनीत सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मान मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों ने विजय कुमार शुक्ल को बधाई दी और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उनके कार्यों की सराहना की। विभागीय स्तर पर उनके प्रयासों को वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
