गोरखपुर में 10 वर्षीय मासूम की हत्या, पड़ोसी कारोबारी के बेसमेंट से मिला शव
गोरखपुर। जिले के खजनी कस्बे में 10 वर्षीय बालक की अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ज्वैलरी कारोबारी के पोते का शव घर से करीब 50 मीटर दूर पड़ोसी कारोबारी के मकान के बेसमेंट से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पड़ोसी कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, खजनी निवासी लक्ष्मी नारायण वर्मा स्थानीय ज्वैलरी कारोबारी हैं। उनके पुत्र हनुमान वर्मा का 10 वर्षीय बेटा वैभव वर्मा स्थानीय नवेल्स एकेडमी में कक्षा चार का छात्र था। सोमवार दोपहर लगभग 1:30 बजे स्कूल से घर लौटने के बाद वैभव ने बैग रखा, कपड़े बदले और साइकिल लेकर खेलने के लिए घर से निकला। परिजनों ने कुछ देर बाद उसे भोजन के लिए बुलाया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
करीब आधे घंटे बाद परिजनों को घर के पीछे उसकी साइकिल लावारिस अवस्था में मिली। थोड़ी दूरी पर एक चप्पल भी बरामद हुई, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना खजनी पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। खोजी कुत्ते और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पड़ोस में रहने वाले कपड़ा कारोबारी सर्वेश भट्ट की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पूछताछ में उसके बयान लगातार बदलते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस की निशानदेही पर आरोपी के मकान के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को गुमशुदगी की तहरीर के आधार पर थाना खजनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि वैभव की मां श्वेता वर्मा का लगभग डेढ़ माह पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। तीन भाइयों में सबसे छोटा वैभव परिवार का दुलारा था। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।
