चंदौली में 42 प्राविधिक सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र, सांसद साधना सिंह और विधायक कैलाश खरवार ने किया वितरण
चंदौली। जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग की ओर से चयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह और चकिया के भाजपा विधायक कैलाश खरवार ने उत्तर प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से चयनित 42 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण भी कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति देकर रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने दावा किया कि चयनित अभ्यर्थियों को बिना किसी खर्च के पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरी मिली है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने की बात कही।
उन्होंने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों से कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें। सरकार की मंशा के अनुरूप उन्हें गांव और खेतों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं को समझना होगा तथा किसानों को आधुनिक और बेहतर कृषि के लिए प्रेरित करना होगा।
चकिया विधायक कैलाश खरवार ने कहा कि वर्तमान सरकार में नियुक्तियां निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों को उनकी क्षमता के आधार पर अवसर मिल रहा है।
नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को भी पूरी ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए किसानों के हित में काम करना चाहिए।
बता दें कि उत्तर प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से चंदौली जिले में 42 प्राविधिक सहायकों का चयन किया गया है। नियुक्ति पत्र वितरण के लिए सभी चयनित अभ्यर्थियों को कलेक्ट्रेट सभागार में आमंत्रित किया गया था। जनप्रतिनिधियों ने बारी-बारी से सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी विवेक कुमार यादव ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नियुक्ति मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि अब वे सरकारी कर्मचारी के रूप में अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाएंगे और किसानों तक सरकार की योजनाओं एवं कृषि संबंधी सुविधाओं को पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर कृषि निदेशक भीमसेन, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साइ, राघवेंद्र सिंह, मानसिंह, राकेश सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
