भिवाड़ी में स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 27 युवतियां व 6 युवक गिरफ्तार
भिवाड़ी (रेवाड़ी)। औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 27 युवतियों और 6 युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से कुछ स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर मटिला चौकी प्रभारी पुनीत मीणा एवं भिवाड़ी मोड़ चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में 20 से अधिक पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम गठित की गई।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस टीम ने भिवाड़ी बाईपास स्थित रॉयल प्लाजा और जेनेसिस मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों परिसरों में संचालित करीब एक दर्जन स्पा सेंटरों की जांच की। जांच के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने 27 युवतियों और 6 युवकों को हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई के बाद सभी को भिवाड़ी मोड़ पुलिस चौकी लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मटिला चौकी प्रभारी पुनीत मीणा ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ स्पा सेंटरों में स्पा सेवाओं की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम बनाकर यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि शहर में इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अन्य संदिग्ध स्पा सेंटरों की भी निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
