×

नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार

धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे आरोपी लवकुश कुमार यादव को बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।

बुधवार को धनबाद डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने बताया कि 4 मई 2026 की शाम धनसार थाना को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनसार थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया। आरोपी लवकुश कुमार यादव के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने छापेमारी शुरू की, लेकिन शुरुआती कार्रवाई में आरोपी फरार मिला।

घटना को गंभीर मानते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित लेंगुरा तुलसीबीघा गांव से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को धनसार थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लवकुश कुमार यादव, पिता सहदेव यादव, न्यू दिल्ली कॉलोनी, धनसार थाना क्षेत्र, धनबाद का निवासी है। उसका स्थायी पता बिहार के नवादा जिले के लेंगुरा तुलसीबीघा गांव में बताया गया है।

इस छापेमारी अभियान में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।

Share this story