वार्ड सदस्य वीना ठाकुर का सम्मान, विकास और जनसेवा का लिया संकल्प
आनी। ग्राम पंचायत बखनाओ के वार्ड नंबर-1 से नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य वीना ठाकुर के सम्मान में क्षेत्र में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर उन्हें जीत की बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में ग्राम पंचायत प्रधान चमन भारती, उप प्रधान संजय ठाकुर सहित पंचायत के सभी वार्ड सदस्य उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने वीना ठाकुर का स्वागत करते हुए पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर वीना ठाकुर ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों को गति देने और बिना किसी भेदभाव के सभी लोगों की सेवा करने का संकल्प दोहराया।
प्रधान चमन भारती ने कहा कि पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। वहीं उप प्रधान संजय ठाकुर ने कहा कि आपसी समन्वय और जनसहभागिता से पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य को शुभकामनाएं देते हुए पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।
