रघुपुरगढ़ पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान! 31 अगस्त से पहले बनेगी नई इको टूरिज्म सोसाइटी
रिपोर्ट- चमन शर्मा
हिमाचल प्रदेश,आनी। रघुपुरगढ़ क्षेत्र के पर्यटन विकास और स्थानीय युवाओं के स्वरोजगार को नई दिशा देने के उद्देश्य से शनिवार को आनी में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रशासन, वन विभाग, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, नौ पंचायतों के प्रतिनिधियों और स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। बैठक में स्थानीय युवाओं की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रघुपुरगढ़ में वर्षों से पर्यटन आधारित स्वरोजगार कर रहे स्थानीय युवाओं को नहीं हटाया जाएगा। साथ ही वन विभाग की इको टूरिज्म व्यवस्था के तहत लिए जाने वाले दैनिक किराये में यथासंभव राहत देने और बकाया राशि जमा करने के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।

इसके अलावा पक्के ढारों को हटाकर अस्थायी टेंट लगाने के मामले में दर्ज एफआईआर वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में रघुपुर फोर्ट तक पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने और क्षेत्र की नौ पंचायतों के सहयोग से 31 अगस्त 2026 से पहले नई इको टूरिज्म सोसाइटी का गठन करने पर भी सहमति बनी। माना जा रहा है कि इससे पर्यटन गतिविधियों को संगठित रूप मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक का संचालन डीएफओ लुहरी चमन राव ने किया। इस दौरान एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेत, डीएसपी राजीव मेहता, आईपीएच के एक्सईएन किशोर शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष सतपाल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य रीमा ठाकुर, पूर्व विधायक किशोरी लाल, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन पंकज परमार, नौ पंचायतों के प्रधान और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार रघुपुरगढ़ के पर्यटन विकास और स्थानीय युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लागू किया जाएगा।
