×

नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर घटना के विरोध में आनी में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

himanchakl

रिपोर्ट- चमन शर्मा

आनी, हिमाचल प्रदेश। नीट पेपर लीक प्रकरण और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित लाठीचार्ज की घटना के विरोध में शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

 

बाजार में निकाली रैली, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द शर्मा के नेतृत्व में निकली इस रैली में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। स्थानीय बाजार से रैली निकालने के बाद ओल्ड बस स्टैंड आनी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया।

 

राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम कार्यालय पहुंचा, जहां एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, छात्रों के हितों की सुरक्षा तथा जंतर-मंतर की कथित घटना की स्वतंत्र जांच की मांग की गई।

 

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग

सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द शर्मा ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है तथा छात्रों की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से सुना जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त और प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करते हुए कथित बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन में पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष परस राम, संतोष ठाकुर, एडवोकेट दलीप जोशी, पंचायत समिति अध्यक्ष सतपाल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य रीमा ठाकुर सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story