शराब के लिए पैसे न देने पर, दो दोस्तों ने अपने ही दोस्त के पेट में घोंप दी बीयर की बोतल
महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, यहां दो दोस्तों ने शराब की खातिर अपने ही दोस्त का मर्डर कर दिया. यह सनसनीखेज मामसा बल्लारपुर थाना क्षेत्र का है. ये दोनों दोस्त अपने तीसरे दोस्त से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहे थे. जब उन्हें पैसे नहीं मिले तो उन्होंने गुस्से में आकर अपने ही दोस्त पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया.पुलिस ने बताया कि ये तीनों दोस्त शहर के बाहर बिरसामुंडा चौक में बैठकर बीयर पी रहे थे.
जब बीयर खत्म हो गई तो दो दोस्तों नीरज यादव और अंकित रामटेके ने अपने तीसरे दोस्त शाहरुख पठान से पैसे मांगे. शाहरुख ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों दोस्त गुस्सा हो गए. उन्होंने पास पड़ी खाली बीयर की बोतल फोड़ी और शाहरुख के पेट में उसे घोंप दिया.हमले के बाद शाहरुख बुरी तरह घायल हो गया.

वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने पहले शाहरुख पठान को अस्पताल पहुंचाया. फिर वहीं से फरार हो गए. फिलहाल शाहरुख का अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है और दोनों के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
