×

Mumbai Local Viral Video: मुंबई लोकल का रहस्यमयी वीडियो वायरल, युवती की हरकत पर रेलवे भी हैरान

गोरेगांव स्टेशन का बताया जा रहा था वीडियो, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और कर्मचारियों से पूछताछ के बाद आरपीएफ ने जताई अनभिज्ञता
गोरेगांव स्टेशन का बताया जा रहा था वीडियो, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और कर्मचारियों से पूछताछ के बाद आरपीएफ ने जताई अनभिज्ञता

मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती लोकल ट्रेन के मोटरमैन केबिन के दरवाजे को पकड़कर अंदर घुसने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। युवती की इस हरकत ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की जांच में फिलहाल इस घटना की पुष्टि नहीं हो सकी है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में लाल रंग के कपड़े पहने युवती मोटरमैन केबिन के दरवाजे के हैंडल को दोनों हाथों से पकड़कर उसे खोलने का प्रयास करती नजर आ रही है। वह दरवाजे के सहारे असामान्य तरीके से झूलती और पीछे की ओर झुकती भी दिखाई देती है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि यह घटना मुंबई के गोरेगांव रेलवे स्टेशन की है।

शिकायत मिलने पर आरपीएफ ने शुरू की जांच

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे इंस्टाग्राम के माध्यम से आरपीएफ को इस संबंध में शिकायत मिली थी। इसके बाद एएसआई सुभाष यादव और हेड कांस्टेबल विनायक कोरे ने गोरेगांव स्टेशन के स्टेशन मास्टर से संपर्क कर मामले की जानकारी जुटाई।

स्टेशन मास्टर ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। साथ ही किसी मोटरमैन या गार्ड की ओर से भी इस संबंध में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

सीसीटीवी फुटेज में भी नहीं मिला कोई सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने शाम और रात की ड्यूटी में तैनात रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके अलावा गोरेगांव स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के उत्तर एवं दक्षिण दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई गई घटना से संबंधित कोई फुटेज नहीं मिला।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों और कर्मचारियों से मिली जानकारी के आधार पर न तो घटना के स्थान की पुष्टि हो सकी और न ही इसके वास्तविक परिस्थितियों का पता चल पाया है। फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

रेलवे से जुड़े इस मामले ने सोशल मीडिया पर चर्चा जरूर छेड़ दी है, लेकिन जांच में पुष्टि नहीं होने के कारण वीडियो के साथ किए जा रहे दावों को सही मानना उचित नहीं होगा।

Share this story