×

Milk Price Hike: महंगाई का नया झटका! अब दूध के लिए ढीली होगी जेब, इतने रुपये लीटर बढ़ी कीमत

Milk Price Hike: महंगाई का नया झटका! अब दूध के लिए ढीली होगी जेब, इतने रुपये लीटर बढ़ी कीमत
महंगाई की मार, 2 रुपये लीटर बढ़ी कीमत दूध खरीदने के लिए ढीली होगी जेब

Milk Price Hike: महाराष्ट्र में दूध उपभोक्ताओं को अब अपनी जेब कुछ और ढीली करनी होगी। राज्य में गाय और भैंस के दूध की कीमतों में 11 अगस्त से 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू होगी। प्रमुख सहकारी और निजी डेयरियों के प्रतिनिधियों की बैठक में दूध के बिक्री मूल्य में वृद्धि पर सहमति बनी है।

मिल्क प्रोड्यूसर्स एंड प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की शुक्रवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपालराव म्हास्के ने की। एसोसिएशन ने बढ़ती उत्पादन और प्रसंस्करण लागत को दूध की कीमतों में वृद्धि का प्रमुख कारण बताया है।

डीजल और पैकेजिंग लागत बढ़ने का असर

एसोसिएशन के मुताबिक, डीजल की कीमत में करीब 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, पैकेजिंग की लागत में लगभग 30 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसके अलावा दूध की खरीद कीमत भी बढ़ी है और आने वाले समय में इसमें और वृद्धि की संभावना जताई गई है।

एसोसिएशन का कहना है कि बढ़ती लागत का असर डेयरी कारोबार पर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए दूध की बिक्री कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि का फैसला लिया गया है।

डेयरी उत्पादों की कीमतें भी बढ़ने की संभावना

दूध के साथ-साथ अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी बढ़ोतरी का असर पड़ सकता है। एसोसिएशन के अनुसार, दही, पनीर, घी और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में 10 प्रतिशत तक की वृद्धि की संभावना है। हालांकि, अलग-अलग उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी संबंधित कंपनियों और बाजार की स्थिति के आधार पर तय की जाएगी।

दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी लागू होने के बाद महाराष्ट्र में घरेलू बजट पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है। खासकर नियमित रूप से दूध और डेयरी उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले परिवारों के मासिक खर्च में वृद्धि हो सकती है।

Share this story