×

प्रेम प्रसंग में पति की बेरहमी से हत्या, मोबाइल रिकॉर्ड ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

 प्रेम प्रसंग में पति की बेरहमी से हत्या, मोबाइल रिकॉर्ड ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
नवी मुंबई में अवैध संबंधों के चलते वारदात को दिया अंजाम, सीडीआर जांच में पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को किया गिरफ्तार

नवी मुंबई में अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या कर शव के तीन टुकड़े कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 11 महीने बाद इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से मिले अहम सुराग के आधार पर दोनों आरोपियों तक पुलिस पहुंची।

पुलिस के अनुसार, ऐरोली के यादव नगर निवासी बलिराम सूर्यनाथ कुशवाह अपनी पत्नी सुनीता और दो बच्चों के साथ रहते थे। इसी दौरान सुनीता की घणसोली निवासी ऑटो चालक राहुल दशरथ प्रजापति से नजदीकियां बढ़ गईं। जब बलिराम को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया, जिसके बाद सुनीता और राहुल ने हत्या की साजिश रच डाली।

जांच में सामने आया कि वारदात से पहले सुनीता ने अपने दोनों बच्चों को दो दिनों के लिए उनकी मौसी के घर भेज दिया। 9 अगस्त 2025 की रात जब बलिराम घर में सो रहे थे, तभी दोनों आरोपियों ने कथित रूप से उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव के तीन टुकड़े किए गए। शव के हिस्सों को अलग-अलग बोरियों और चादर में लपेटकर राहुल के ऑटो रिक्शा से गवली देव क्षेत्र की झाड़ियों में फेंक दिया गया।

घटना के बाद सुनीता ने अपना मकान किराए पर दे दिया और बच्चों के साथ राहुल के घर रहने लगी। करीब आठ महीने बाद जब बलिराम का भाई गांव से मिलने पहुंचा तो सुनीता ने बताया कि बलिराम घर छोड़कर चले गए हैं। इस पर संदेह होने पर उसने अप्रैल 2026 में रबाले एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में बलिराम की गुमशुदगी दर्ज कराई।

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। जांच में पता चला कि आरोपियों ने अपने पुराने मोबाइल और सिम कार्ड बदल दिए थे, लेकिन कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण में यह सामने आया कि राहुल अलग-अलग नंबरों से लगातार केवल सुनीता के संपर्क में था। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही हैं।

Share this story