NCP प्रमुख शरद पवार की तबीयत खराब, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सोमवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एनसीपी के मुताबिक शरद पवार को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। एनसीपी ने कहा कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वह 4-5 नवंबर को शिरडी में होने वाले पार्टी के शिविर में हिस्सा लेंगे।
एनसीपी ने कहा कि शिरडी में अपनी पार्टी के शिविर में हिस्सा लेने के अलावा शरद पवार नांदेड़ के रास्ते महाराष्ट्र में प्रवेश करने के एक दिन बाद 8 नवंबर को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ी यात्रा’ में भी हिस्सा लेंगे।
इससे पहले शरद पवार ने कहा था कि कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण और बालासाहेब थोराट ने उनसे मुलाकात की और उन्हें राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनने का निमंत्रण दिया था।
राकांपा प्रमुख पवार ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी भारत जोड़ो यात्रा की पहल का उद्देश्य नफरत को दूर करना और समाज में एकता लाना है। 23 अक्टूबर को उन्होंने कहा था कि राकांपा और अन्य राजनीतिक दल भी राज्य में जहां भी संभव हो, कांग्रेस की पहल के साथ शामिल होंगे।
शरद पवार को पहले पिछले साल 11 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एनसीपी प्रमुख शरद पवार की पित्ताशय की थैली में पथरी होने का पता चलने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
