महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच सीएम उद्धव ठाकरे हुए कोरोना संक्रमित
महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी कोविड संक्रमित हो गए हैं। यह बात कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बताई है। इससे पहले आज ही महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में हमेशा फेस मास्क पहने नजर आने वाली कोश्यारी (80) को रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि राज्यपाल कोश्यारी ऐसे समय में कोविड संक्रमित हुए हैं जब राज्य में उद्धव सरकार संकट में घिरी नजर आ रही है।
दरअसल, कमलनाथ को कांग्रेस ने महाराष्ट्र में अपना पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वह यहां कांग्रेस विधायकों और गठबंधन की पार्टियों (शिवसेना, एनसीपी) से मिलने आए थे।
कांग्रेस के विधायकों से उन्होंने मीटिंग भी की थी। इसके बाद कमलनाथ ने मीडिया को बताया कि वह उद्धव ठाकरे से नहीं मिल पाए हैं क्योंकि उनको कोरोना हो गया है। अब वह शरद पवार से मिलने जा रहे है।
बता दें कि शिवसेना के असंतुष्ट नेता एकनाथ शिंदे ने अपनी सरकार के खिलाफ बगावत कर दिया है। उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र के 40 विधायकों का एक समूह गुवाहाटी पहुंचा और उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के बाहरी इलाके में एक लक्जरी होटल में ले जाया गया।
इससे पहले, विधायकों को मंगलवार को मुंबई से गुजरात के सूरत ले जाया गया था, और उन्हें असम के गुवाहाटी में स्थानांतरित करने का निर्णय सुरक्षा के आधार पर लिया गया था।
