भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस कोरोना वायरस से संक्रमित, दूसरी बार आए वायरस की चपेट में
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और वह गृह पृथक-वास में हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस इससे पहले भी अक्टूबर 2020 में संक्रमित हुए थे।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने रविवार को एक ट्वीट में कहा, ‘‘मेरी कोविड-19 जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है और गृह पृथक-वास में हूं। डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा और उपचार ले रहा हूं।
जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अपनी जांच कराएं। सभी अपना ख्याल रखें।’’ इससे पहले, जब फडणवीस 2020 में संक्रमित हुए थे, तब उन्होंने एक सरकारी अस्पताल में इलाज कराया था।
इन दिनों कई नेता कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कोरोना संक्रमित हो गई।
इससे पहले पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को कोरोना हो गया था। इसके अलावा कांग्रेस के कई नेता वायरस की चपेट में आ गए हैं। राहत की बात ये है कि वायरस इस बार ज्यादा खरनाक नहीं दिख रहे हैं।
महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,357 नए मामले सामने आए और महामारी से एक शख्स की मौत हो गई। एक दिन पहले यहां कोरोना के 1,134 केस आए थे और 3 मरीजों की मौत हो गई थी।
बता दें कि महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से लगातार एक हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं।
शनिवार को अकेले मुंबई से 889 केस आए। यहां जून में पहले 4 दिन में ही वायरस के संक्रमण ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अब तक इस महीने यहां 3,095 केस आए हैं। आंकड़ों के मुताबिक पूरे महाराष्ट्र में 60 फीसदी केस अकेले मुंबई से ही आ रहे हैं।
