कलश वंदन यात्रा में गूंजे संत रविदास के जयकारे, सामाजिक समरसता का लिया संकल्प
बैरसिया। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ गुनगा से हुआ, जहां श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ पवित्र कलश का वंदन किया। इस दौरान लोगों ने संत रविदास जी के बताए सामाजिक समरसता, समानता, एकता, प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
यात्रा के दौरान संत रविदास जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने यात्रा का स्वागत करते हुए पवित्र कलश का वंदन किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के बुजुर्गजनों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार समाज में समानता, सद्भाव, प्रेम और मानव सेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए मार्ग पर चलना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सामाजिक भेदभाव को दूर कर आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करने की दिशा में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
गुनगा से प्रारंभ हुई कलश वंदन यात्रा मनीखेड़ी, दिल्लोद, हर्राखेड़ा, धमर्रा, हिरनखेड़ी, तरावली और नलखेड़ा होते हुए बैरसिया पहुंची। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
यात्रा में बैरसिया विधायक विष्णु खत्री, भाजपा भोपाल ग्रामीण जिलाध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा, यात्रा संयोजक एवं पूर्व जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण शिल्पी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, बुजुर्ग और स्थानीय नागरिक भी यात्रा में शामिल हुए।
