छठ के बाद घर लौटने वालों को रेलवे की राहत, गया से चेन्नई के लिए 17 नवंबर को चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
गया। छठ महापर्व के बाद कामकाज के सिलसिले में दूसरे राज्यों की ओर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में गया से चेन्नई के बीच एकतरफा पूजा स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। इस विशेष सेवा से बिहार और आसपास के क्षेत्रों के
यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 03689 गया-चेन्नई सुपरफास्ट पूजा स्पेशल 17 नवंबर (मंगलवार) को सुबह 5:30 बजे गया जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन 18 नवंबर (बुधवार) को शाम 4:20 बजे चेन्नई पहुंचेगी।
डीडीयू जंक्शन समेत चार स्टेशनों पर ठहराव
इस विशेष ट्रेन का ठहराव डीडीयू मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन सुबह 6:27 बजे डेहरी आन सोन, 6:48 बजे सासाराम, 7:18 बजे भभुआ रोड और सुबह 8:23 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। डीडीयू जंक्शन से ट्रेन सुबह 8:30 बजे चेन्नई के लिए रवाना होगी।
21 कोचों के साथ होगा परिचालन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो दिव्यांगजन अनुकूल द्वितीय श्रेणी सह सामान एवं ब्रेकयान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, 11 शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल होंगे।
धनबाद-पटना के बीच भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
इधर, यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने धनबाद और पटना के बीच भी 12 नवंबर को एक ट्रिप अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन धनबाद से सुबह 10:30 बजे प्रस्थान कर शाम 4:45 बजे पटना पहुंचेगी। रास्ते में गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, परसाबाद, कोडरमा और पहाड़पुर स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा।
रेलवे के इस फैसले से छठ महापर्व के बाद यात्रियों की वापसी आसान होने के साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
