Pahalgam terror Attack: पहलगाम हमले के बाद भारत की कड़ी कार्यवाही, विदेश मंत्रालय ने की बड़ी घोषणाएं

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे देश में गुस्से का माहौल है। इस हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की आपात बैठक बुलाई, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत ने पाकिस्तान के साथ हुआ सिंधु जल समझौता रोक दिया है। साथ ही भारत-पाकिस्तान के बीच अटारी बॉर्डर को भी बंद कर दिया गया है।
सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं और जो पाक नागरिक इस समय भारत में हैं, उन्हें 48 घंटे के अंदर देश छोड़ने को कहा गया है। इसके अलावा, SAARC और SPES वीजा सुविधा भी रद्द कर दी गई है।
नई दिल्ली में स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में तैनात रक्षा, थल, वायु और नौसेना से जुड़े अधिकारियों को "अवांछित व्यक्ति" घोषित किया गया है। उन्हें भारत छोड़ने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया है।
भारत के इन फैसलों से साफ है कि अब आतंकवाद के खिलाफ देश बिल्कुल भी नरमी नहीं बरतेगा। सरकार ने साफ कर दिया है कि निर्दोष लोगों की जान जाने पर कड़ा जवाब जरूर दिया जाएगा। दुनियाभर के कई देशों ने भी इस हमले की निंदा की है और भारत के साथ खड़े होने की बात कही है।
रिपोर्ट - प्रशांत कुमार दुबे