×

अब वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं! WhatsApp पर मिलेगा PF बैलेंस और क्लेम अपडेट

अब वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं! WhatsApp पर मिलेगा PF बैलेंस और क्लेम अपडेट​​​​​​​
 अब WhatsApp पर मिलेगी PF की जानकारी, EPFO की नई सेवा जल्द

नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों सदस्यों के लिए डिजिटल सेवाओं को और आसान बनाने की तैयारी में है। संगठन WhatsApp के जरिए पीएफ से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर काम कर रहा है। नई सुविधा शुरू होने के बाद सदस्य मोबाइल फोन से ही अपने PF बैलेंस, पासबुक, हाल के लेन-देन और क्लेम की स्थिति जैसी जानकारी हासिल कर सकेंगे। फिलहाल इस सेवा की टेस्टिंग चल रही है और देशभर में इसे लागू करने की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

WhatsApp पर ऐसे मिलेगी PF की जानकारी

नई सुविधा शुरू होने के बाद सदस्य EPFO के सत्यापित WhatsApp नंबर पर ‘Hello’ भेजकर सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके बाद उपलब्ध विकल्पों के जरिए PF बैलेंस, हाल के ट्रांजैक्शन, क्लेम स्टेटस और EPF पासबुक जैसी जानकारी हासिल की जा सकेगी। आधार से जुड़े प्रमाणीकरण और DBT से संबंधित अपडेट की सुविधा भी इसमें शामिल किए जाने की उम्मीद है। क्षेत्रीय भाषाओं में सेवा उपलब्ध होने से इसका इस्तेमाल और आसान हो सकता है।

PF सेवाओं को डिजिटल बनाने पर जोर

EPFO WhatsApp सेवा के अलावा PF से जुड़े कई अन्य प्रक्रियाओं को भी डिजिटल और सरल बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इनमें UPI के माध्यम से PF से निकासी की सुविधा, नौकरी बदलने पर PF खाते के ट्रांसफर की प्रक्रिया को आसान बनाना और छोटे दावों के तेजी से निपटारे के लिए ऑटो-सेटलमेंट की सीमा बढ़ाना शामिल है।

EPFO एक केंद्रीकृत डेटाबेस तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसका उद्देश्य अलग-अलग रिकॉर्ड को एकीकृत कर सदस्यों को अधिक सुविधाजनक और तेज सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे PF से जुड़े कामों में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।

PF एडवांस निकालने के नियम भी आसान

EPFO के प्रावधानों के तहत सदस्य अलग-अलग जरूरतों के लिए PF एडवांस ले सकते हैं। बीमारी की स्थिति में सदस्य स्वयं या परिवार के इलाज के लिए एडवांस ले सकते हैं। शिक्षा के लिए सदस्य अपने या परिवार के सदस्य की पढ़ाई के लिए निर्धारित शर्तों के तहत 10 बार तक एडवांस ले सकते हैं।

वहीं, शादी के लिए पांच बार तक PF एडवांस लेने की अनुमति है। घर खरीदने, निर्माण, होम लोन चुकाने या घर की मरम्मत जैसे निर्धारित उद्देश्यों के लिए भी नियमों के तहत पांच बार तक एडवांस लिया जा सकता है।

जरूरत के समय PF से मिल सकती है आर्थिक मदद

कुछ विशेष परिस्थितियों में भी PF एडवांस लेने का प्रावधान है। निर्धारित पात्रता और नियमों के अनुसार सदस्य वित्तीय वर्ष में सीमित संख्या में एडवांस ले सकते हैं। कुछ मामलों में PF बैलेंस का 75 प्रतिशत तक निकालने की अनुमति हो सकती है। हालांकि, वास्तविक निकासी संबंधित नियमों, पात्रता और सदस्य की स्थिति पर निर्भर करती है।

EPFO की WhatsApp सेवा शुरू होने के बाद सदस्यों को PF से जुड़ी छोटी-छोटी जानकारियों के लिए बार-बार वेबसाइट, ऐप या कार्यालय का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। इससे PF सेवाओं की पहुंच बढ़ने के साथ ही डिजिटल माध्यम से काम करने की प्रक्रिया भी आसान होने की उम्मीद है।

Share this story