×

मानसून की रफ्तार तेज, केरल में आगमन तय, उत्तर भारत में चढ़ेगा पारा

मानसून की रफ्तार तेज, केरल में आगमन तय, उत्तर भारत में चढ़ेगा पारा
मानसून 4 जून को केरल पहुंचेगा, उत्तर भारत में तापमान 6 डिग्री तक बढ़ने के आसार
 

दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और इसके 4 जून तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु के कई जिलों में आगामी दिनों के दौरान भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। दूसरी ओर, उत्तर भारत में हालिया बारिश से मिली राहत अब ज्यादा दिनों तक कायम रहने की उम्मीद नहीं है और तापमान में फिर से वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के 15 से अधिक जिलों में 7 जून तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुपुर, डिंडीगुल, तेनकासी, तिरुनेलवेल्ली, कन्याकुमारी, इरोड, नमक्कल, सलेम, धर्मापुरी, कृष्णागिरी, वेल्लोर, तिरुवन्नामलाई, रानीपेट और मदुरै शामिल हैं।

चेन्नई समेत उत्तर तमिलनाडु में उमस और गर्मी का असर

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर तटीय तमिलनाडु, विशेषकर चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी और अत्यधिक आर्द्रता के कारण लोगों को असहज मौसम का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जिससे लू जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद फिर चढ़ेगा पारा

उत्तर प्रदेश में सोमवार को कई जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सुल्तानपुर में 14.8 मिमी, फतेहपुर में 7.3 मिमी, अमेठी में 6.6 मिमी, आजमगढ़ में 3.8 मिमी, हरदोई में 1.6 मिमी तथा झांसी में 1.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ फर्रुखाबाद प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, अगले तीन दिनों में बढ़ सकती है गर्मी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है। इसके प्रभाव में कमी आने के साथ मंगलवार से तापमान में वृद्धि शुरू होने की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राज्य सरकार ने भी लोगों को गर्मी से सतर्क रहने की सलाह दी है।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी चलने तथा कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है। राजस्थान और गुजरात के कई क्षेत्रों में भी आंधी और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं हिमालयी राज्यों में छिटपुट वर्षा जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में 6 और 7 जून को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Share this story