Ahamadabad Plane Crash: विमान हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन, देश भर में शोक की लहर, 204 लोगों की मौत

Ahamadabad Plane Crash: अहमदाबाद में हुआ भीषण विमान हादसा पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, जो लंदन जा रही थी। टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से अधिक घायल अब भी अस्पताल में जीवन की जंग लड़ रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है।
लंदन अपने परिवार से मिलने जा रहे थे विजय रूपाणी
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी पहले से ही लंदन में थीं और विजय रूपाणी भी अब उनसे मिलने जा रहे थे। यह यात्रा परिवारिक थी, मगर यह मुलाक़ात अब कभी नहीं हो सकेगी। रूपाणी परिवार और बीजेपी संगठन में गहरा शोक व्याप्त है।
गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने गहरा शोक जताते हुए कहा यह हादसा न केवल विमान में सवार यात्रियों के लिए, बल्कि बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रह रहे डॉक्टर्स के लिए भी त्रासदी बन गया। विजयभाई रूपाणी जैसे वरिष्ठ नेता को खोना हम सभी के लिए अपूर्णीय क्षति है।
गृहमंत्री अमित शाह तत्काल अहमदाबाद पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाक़ात की और राज्य प्रशासन को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
आखिर कैसे हुआ यह हादसा?
एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 5 मिनट बाद ही ऊंचाई खो दी। सबसे पहले विमान ने बी.जे. मेडिकल कॉलेज की मेस बिल्डिंग को टक्कर मारी और फिर नजदीक स्थित अतुल्यम हॉस्टल से जा टकराया, जहां सीनियर रेसिडेंट डॉक्टर्स रहते थे। टक्कर के बाद जोरदार विस्फोट और आग लग गई। दोनों इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा और वहां रह रहे कई छात्र घायल हो गए।
अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक के अनुसार ने कहा कि अब तक 204 शव बरामद किए जा चुके हैं, और 41 घायलों का इलाज जारी है। राहत कार्य तेज़ी से चल रहा है। अभी भी मलबे में फंसे लोगों की संभावना बनी हुई है। सेना, NDRF, नगर निगम और मेडिकल टीमें मिलकर लगातार मलबा हटाने और घायलों को बचाने का काम कर रही हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा की यह हादसा हमारी सामूहिक चेतना को झकझोर देने वाला है। मैं सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं।
देश को झकझोर देने वाले भीषण विमान हादसे के बाद अहमदाबाद सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में घायल 50 मरीजों का इलाज तेजी से जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायल मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने आपातकालीन सूचना और यात्रियों के परिजनों की सहायता के लिए दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इन नंबरों के जरिए परिजन अस्पताल से सीधे संपर्क कर अपने प्रियजनों की स्थिति और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब 242 लोगों से भरा एक विमान अहमदाबाद में बी.जे. मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल पर गिर पड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हॉस्टल और विमान दोनों को भारी नुकसान हुआ। विमान को कैप्टन सुमित सभरवाल उड़ा रहे थे, जो एक बेहद अनुभवी पायलट माने जाते थे। उनके पास 8200 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव था। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी विमान में मौजूद थे।
इस भयावह हादसे के बाद, तत्काल प्रभाव से दिल्ली से अहमदाबाद आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है। हवाई यातायात नियंत्रकों और जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
एयर इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस विमान में कुल 242 यात्री सवार थे जिनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक, 7 पुर्तगाल के नागरिक शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या देखते हुए विदेश मंत्रालय भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
एक यात्री जीवित बचा
आपको बता दें कि गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन AI-171 टेक-ऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे इसमें 12 क्रू मेंबर्स और 230 यात्री शामिल हैं। इस विमान हादसे में एक यात्री के बचने की खबर सामने आ रही है यात्री का नाम रमेश विश्वास कुमार है घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। रमेश विश्वास ने कहा कि हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ, चारों तरफ आग की लपटें थीं। मुझे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया। मुझे भरोसा नहीं होता कि मैं जीवित हूं, ये किसी करिश्मे से कम नहीं है।