Sarson Ka Saag: सर्दियों में लंच का स्वाद बढ़ाएगा सरसों का साग, घर पर इस आसान विधि से करें तैयार
Sarson Ka Saag: सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में हरी पत्तेदार सब्जियों की भरमार होने लगती है। इस मौसम में सरसों का साग लोगों की पसंदीदा डिश में शामिल होता है। पंजाब की पारंपरिक पहचान माने जाने वाले सरसों के साग का स्वाद न सिर्फ लाजवाब होता है, बल्कि इसमें कई तरह के पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। इसे मक्के की गरमा-गरम रोटी, सफेद मक्खन और गुड़ के साथ परोसने पर खाने का स्वाद और बढ़ जाता है। खास बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है।
सरसों का साग बनाने के लिए जरूरी सामग्री
500 ग्राम सरसों के पत्ते
250 ग्राम पालक
100 ग्राम बथुआ (वैकल्पिक)
2-3 बड़े चम्मच मक्के का आटा या बेसन
3 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट
1 प्याज और 1 टमाटर
3-4 बड़े चम्मच देसी घी या मक्खन
जीरा, हींग और सूखी लाल मिर्च
स्वादानुसार नमक
इस तरह तैयार करें स्वादिष्ट सरसों का साग
पहला चरण : सबसे पहले सरसों, पालक और बथुआ की पत्तियों को अच्छी तरह साफ करके धो लें। इसके बाद सभी पत्तियों को बारीक काटकर प्रेशर कुकर में डालें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, नमक और थोड़ा पानी मिलाएं। मध्यम आंच पर 4-5 सीटी आने तक पकाएं।
दूसरा चरण : कुकर का प्रेशर निकलने के बाद साग को बाहर निकालकर थोड़ा ठंडा करें। अब मथानी या मैशर की मदद से इसे अच्छी तरह घोट लें। इसमें धीरे-धीरे मक्के का आटा मिलाएं, जिससे साग गाढ़ा और मलाईदार बन सके।
तीसरा चरण : अब एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें। इसमें जीरा, हींग, बारीक कटा लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं। फिर टमाटर और आवश्यक मसाले डालकर अच्छी तरह भून लें।
चौथा चरण : तैयार मसाले में घोंटा हुआ साग डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे धीमी आंच पर करीब 10-15 मिनट तक पकने दें, ताकि मसालों का स्वाद साग में अच्छी तरह घुल जाए।
इन छोटी बातों का रखें ध्यान
सरसों के साग का स्वाद बेहतर बनाने के लिए इसमें पालक और बथुआ मिलाना अच्छा विकल्प है। इससे साग का स्वाद संतुलित रहता है और इसका टेक्सचर भी बेहतर बनता है। साग को अच्छी तरह घोटना और धीमी आंच पर पकाना इसके पारंपरिक स्वाद को निखारने में मदद करता है।
मक्के की रोटी के साथ करें सर्व
तैयार सरसों के साग को गरमा-गरम मक्के की रोटी के साथ परोसें। ऊपर से थोड़ा सफेद मक्खन या देसी घी डालें और साथ में गुड़ रखें। सर्दियों के मौसम में यह पारंपरिक पंजाबी व्यंजन परिवार के लंच को खास बना सकता है।
