बाजार से खरीदने की जरूरत नहीं, इन आसान चीजों से तैयार करें पहाड़ों का मशहूर नमक
नई दिल्ली। भारतीय खानपान में अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक मसालों की अपनी खास पहचान है। ऐसा ही एक खास मसाला उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लोकप्रिय ‘पिस्यु लूण’ है। इसे पहाड़ी नमक या हरा नमक भी कहा जाता है। अपनी खास खुशबू और चटपटे स्वाद के कारण यह नमक खाने का जायका बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
पिस्यु लूण को घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे बनाने में हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक और कुछ साबुत मसालों का इस्तेमाल होता है। खास बात यह है कि इसे रायते, दही, सलाद, खीरे, मूली और अमरूद जैसी चीजों के साथ खाया जा सकता है।
ऐसे तैयार करें पहाड़ी नमक
पिस्यु लूण बनाने के लिए आधा कप ताजा हरा धनिया, 3 से 4 हरी मिर्च, 7 से 8 लहसुन की कलियां, एक इंच अदरक का टुकड़ा, दो बड़े चम्मच साबुत धनिया, एक बड़ा चम्मच जीरा, 7 से 8 काली मिर्च और आधा कप साधारण नमक की जरूरत होगी।
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले साबुत धनिया, जीरा और काली मिर्च को धीमी आंच पर हल्का भून लें। इससे मसालों की खुशबू अच्छी तरह निकल आती है। इसके बाद मिक्सर में हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, भुने हुए मसाले और नमक डालकर दरदरा पीस लें।
अब तैयार मिश्रण को किसी चौड़ी प्लेट या ट्रे में फैलाकर ओवन या एयर फ्रायर में 150 डिग्री सेल्सियस तापमान पर करीब 30 मिनट तक सुखाएं। हर 10 मिनट में मिश्रण को चलाते रहें, ताकि उसकी नमी अच्छी तरह निकल जाए।
मिश्रण पूरी तरह सूखने के बाद इसे कमरे के तापमान पर ठंडा करें और फिर मिक्सर में डालकर दोबारा पीस लें। इस तरह आपका स्वादिष्ट पहाड़ी नमक यानी पिस्यु लूण तैयार हो जाएगा।
इन चीजों के साथ बढ़ाएं स्वाद
इस पहाड़ी नमक का इस्तेमाल दही, रायता, सलाद, खीरा, मूली और अमरूद पर छिड़ककर किया जा सकता है। इसके अलावा चाट और अन्य स्नैक्स में भी इसे मसाले के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
भंडारण का रखें ध्यान
पिस्यु लूण को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए एयरटाइट डिब्बे में रखें। ध्यान रहे कि इसमें नमी बिल्कुल न पहुंचे। इसे निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें, ताकि इसका स्वाद और खुशबू बरकरार रहे।
