दिवाली की मिठाइयों से हो गए हैं बोर? घर पर बनाएं कुरकुरे आलू-प्याज के पकौड़े, हरी चटनी के साथ बढ़ेगा स्वाद
नई दिल्ली। दिवाली के त्योहार पर घरों में तरह-तरह की मिठाइयां और पकवान बनाए जाते हैं। लगातार मीठा खाने के बाद अगर आपका भी कुछ चटपटा और नमकीन खाने का मन हो रहा है, तो आलू-प्याज के कुरकुरे पकौड़े एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। हरी मिर्च और देसी मसालों के स्वाद से तैयार ये पकौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम होते हैं। इन्हें शाम की चाय और खट्टी-तीखी हरी चटनी के साथ परोसा जा सकता है।
खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती और घर पर आसानी से ढाबा स्टाइल स्वाद पाया जा सकता है।
पकौड़े बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- 2-3 मध्यम आकार के आलू
- 2 प्याज
- डेढ़ कप बेसन
- 3-4 हरी मिर्च
- 3-4 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- आधा छोटा चम्मच अजवायन
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- आधा छोटा चम्मच हल्दी
- आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- थोड़ा गरम मसाला और हींग
- स्वादानुसार नमक
- तलने के लिए तेल
इस तरह तैयार करें कुरकुरे आलू-प्याज के पकौड़े
पहला चरण: सबसे पहले आलू और प्याज को अच्छी तरह धोकर छील लें। आलू को गोल या लंबे पतले टुकड़ों में काटें और प्याज को लंबाई में पतला काट लें। हरी मिर्च और हरे धनिये को भी बारीक काटकर रख लें।
दूसरा चरण: एक बड़े बर्तन में बेसन लें। इसमें अजवायन, जीरा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर, गरम मसाला, हींग और नमक मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें।
तीसरा चरण: बेसन के घोल में एक चम्मच गर्म तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद कटे हुए आलू और प्याज को घोल में डालें, ताकि सभी टुकड़ों पर बेसन की अच्छी परत चढ़ जाए।
चौथा चरण: कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर बेसन में लिपटे आलू और प्याज के मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में डालें। मध्यम आंच पर पकौड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
पांचवां चरण: पकौड़े अच्छी तरह तल जाने पर इन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। अब इन्हें गरमा-गरम हरी चटनी और चाय के साथ परोसें।
इन दो टिप्स से पकौड़े बनेंगे ज्यादा कुरकुरे
पकौड़ों को बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम बनाने के लिए बेसन के घोल को 4-5 मिनट तक लगातार एक ही दिशा में फेंटना चाहिए। इससे घोल में हवा भरती है और पकौड़े फूले हुए बनते हैं।
इसके अलावा बेसन के घोल में एक चम्मच गर्म तेल मिलाने से भी पकौड़ों की बनावट बेहतर होती है। ध्यान रखें कि पकौड़ों को मध्यम आंच पर तलें, ताकि वे अंदर तक अच्छी तरह पक सकें।
इस आसान रेसिपी से आप घर पर ही स्वादिष्ट और कुरकुरे आलू-प्याज के पकौड़े तैयार कर सकते हैं।
