×

‘प्यार का प्रेशर कुकर’ में खुलेगा रिश्तों का सच, शिल्पा शेट्टी संभालेंगी शो की कमान

 शादी करेंगे या रिश्ता तोड़ेंगे? शिल्पा शेट्टी के नए शो में कपल्स को लेना होगा बड़ा फैसला

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी एक नए रियलिटी शो के जरिए दर्शकों के सामने रिश्तों की उलझी हुई दुनिया लेकर आने वाली हैं। उनके नए शो का नाम ‘प्यार का प्रेशर कुकर’ है। यह शो आज के दौर में बदलते रिश्तों, प्यार, कमिटमेंट और शादी को लेकर युवाओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति पर केंद्रित होगा। जियोहॉटस्टार और कलर्स की ओर से इस शो की घोषणा की गई है। शिल्पा शेट्टी इसमें होस्ट की भूमिका निभाएंगी।

इस शो की खास बात यह होगी कि इसमें सिर्फ प्रेमी जोड़ों के बीच होने वाली बातचीत ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता भी हिस्सा लेंगे। शो में ऐसे कपल्स को एक ही घर में रखा जाएगा, जो अपने रिश्ते को लेकर किसी न किसी उलझन में हैं। कुछ जोड़े अपने रिश्ते को नाम देने और कमिटमेंट करने को लेकर असमंजस में हैं, जबकि कुछ लंबे समय से साथ रहने के बावजूद शादी या रिश्ते को अगले पड़ाव तक ले जाने का फैसला नहीं कर पा रहे हैं।

शो के दौरान प्रतिभागियों को उन सवालों का सामना करना होगा, जिनसे वे अब तक बचते आए हैं। इस बातचीत में उनके माता-पिता भी शामिल होंगे और अपने विचार रखेंगे। शो का मुख्य उद्देश्य कपल्स को अपने रिश्ते की वास्तविक स्थिति समझने और भविष्य को लेकर स्पष्ट निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना है। इसी प्रक्रिया को ‘जोड़ो या तोड़ो’ नाम दिया गया है।

बदलते रिश्तों की भाषा पर भी होगी चर्चा

शिल्पा शेट्टी का कहना है कि आज रिश्तों की दुनिया में सिचुएशनशिप, घोस्टिंग, बेंचिंग और ब्रेडक्रंबिंग जैसे नए शब्दों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इन बदलते तौर-तरीकों के बीच कई बार लोगों को यह समझना मुश्किल हो जाता है कि उनका रिश्ता आखिर किस दिशा में जा रहा है। ऐसे में एक समय ऐसा आता है, जब खुलकर बातचीत करना और जरूरी सवालों के जवाब तलाशना बेहद जरूरी हो जाता है।

शो के प्रमोशनल वीडियो में भी पुरानी और नई पीढ़ी के रिश्तों के बीच अंतर को दिलचस्प अंदाज में दिखाया गया है। इसमें शिल्पा प्यार के बदलते स्वरूप और आधुनिक डेटिंग संस्कृति पर बात करती नजर आती हैं। प्रेशर कुकर की सीटी को शो में ‘क्लैरिटी की सीटी’ नाम दिया गया है, जो रिश्तों से जुड़े सवालों के जवाब सामने आने का प्रतीक होगी।

जियोस्टार के हिंदी और अंग्रेजी एंटरटेनमेंट प्रमुख आलोक जैन के मुताबिक, आज की युवा पीढ़ी के जीवन में रिश्ते और उनसे जुड़े सवाल अहम स्थान रखते हैं। इस शो के जरिए युवाओं और उनके माता-पिता को एक मंच पर लाकर रिश्तों पर खुलकर बातचीत करने का अवसर मिलेगा।

‘प्यार का प्रेशर कुकर’ कलर्स चैनल पर प्रसारित होगा और जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। फिलहाल शो की प्रीमियर तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Share this story