×

'रामायण' में रणबीर कपूर का डबल धमाका, भगवान राम और परशुराम दोनों की निभाएंगे भूमिका

'रामायण' में रणबीर कपूर का डबल धमाका, भगवान राम और परशुराम दोनों की निभाएंगे भूमिका
नितेश तिवारी की 'रामायण' में रणबीर कपूर निभाएंगे डबल रोल, परशुराम के किरदार में भी आएंगे नजर

मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले मेकर्स ने दिल्ली के भारत मंडपम में एक विशेष कॉमिक बुक लॉन्च की है, जिसमें फिल्म की दुनिया, प्रमुख किरदारों और कलाकारों की पहली आधिकारिक झलक सामने आई है।

कॉमिक बुक में अयोध्या, मिथिला और लंका सहित प्रमुख राज्यों का परिचय दिया गया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि किस कलाकार को कौन-सा किरदार निभाते हुए देखा जाएगा। इसमें फिल्म के कॉन्सेप्ट आर्ट, पौराणिक प्रसंगों और शानदार इलस्ट्रेशन को भी शामिल किया गया है।

सबसे बड़ी चर्चा रणबीर कपूर के डबल रोल को लेकर है। फिल्म में वह भगवान राम की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह भगवान परशुराम के किरदार में भी नजर आएंगे। साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म में अरुण गोविल राजा दशरथ, इंदिरा कृष्णन रानी कौशल्या, लारा दत्ता रानी कैकेयी और सोनल झा रानी सुमित्रा के किरदार में दिखाई देंगी। शीबा चड्ढा मंथरा, अदिनाथ कोठारे भरत, नितीश शर्मा शत्रुघ्न, शिशिर शर्मा महर्षि वशिष्ठ और अनुपम खेर जटायु की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा काजल अग्रवाल मंदोदरी और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी।

18 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि भगवान राम और माता सीता के किरदार के लिए उनकी पहली पसंद रणबीर कपूर और साई पल्लवी ही थे। उन्होंने कहा कि दोनों कलाकारों की ईमानदारी, समर्पण और अभिनय क्षमता उन्हें इन भूमिकाओं के लिए सबसे उपयुक्त बनाती है।

उन्होंने कहा, "एक कलाकार की आंखें कभी झूठ नहीं बोलतीं। मुझे रणबीर की आंखों में भगवान राम और साई पल्लवी की आंखों में माता सीता दिखाई दिए।"

'दंगल' और 'छिछोरे' जैसी सफल फिल्मों का निर्देशन कर चुके नितेश तिवारी इस बार महर्षि वाल्मीकि के महाकाव्य 'रामायण' को दो भागों में बड़े पर्दे पर पेश कर रहे हैं। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता हांस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। यह पहली बार है जब दोनों किसी भारतीय फिल्म के लिए साथ काम कर रहे हैं।

फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। इसके बाद 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 और 'रामायण: पार्ट 2' दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Share this story