‘हनुमान अंश’ के बाद अब संत देवराहा बाबा के जीवन पर बनेगी फिल्म ‘मचान बाबा’, 2027 में रिलीज की तैयार
नई दिल्ली। नीम करौली बाबा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब संत देवराहा बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘मचान बाबा’ बनाने की घोषणा की गई है। फिल्म का शीर्षक पोस्टर जारी कर दिया गया है और इसे वर्ष 2027 में रिलीज करने की योजना है। फिल्म का निर्माण ओजस फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है।
फिल्म का निर्माण ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय मूल की कारोबारी पूनम गुप्ता ओबीई और अमेरिका में बसे उद्यमी विकल्प पालीवाल कर रहे हैं। निर्माताओं का उद्देश्य देवराहा बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक विरासत और उनसे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को शोधपरक एवं संवेदनशील तरीके से दर्शकों के सामने प्रस्तुत करना है।
मचान पर रहकर श्रद्धालुओं से मिलते थे बाबा
संत देवराहा बाबा अपनी विशिष्ट जीवनशैली के लिए जाने जाते थे। वह लंबे समय तक नदियों के किनारे बने ऊंचे मचान पर निवास करते थे और वहीं से श्रद्धालुओं से मिलते थे। उनकी आयु को लेकर अलग-अलग दावे प्रचलित रहे हैं। उनके जीवन से जुड़े अनेक प्रसंग आज भी लोगों की आस्था और जिज्ञासा का विषय हैं।
फिल्म की निर्माता पूनम गुप्ता के अनुसार, देवराहा बाबा का जीवन आध्यात्मिक दृष्टिकोण के साथ-साथ ऐतिहासिक और मानवीय पहलुओं से भी महत्वपूर्ण है। उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को गंभीर शोध और सिनेमाई संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करने की कोशिश की जाएगी।
शोध के बाद तैयार होगी फिल्म की कहानी
फिल्म के सह-निर्माता विकल्प पालीवाल ने कहा कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में ऐसी अनेक कहानियां हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को आकर्षित करने की क्षमता है। ‘मचान बाबा’ के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक विरासत को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की योजना है।
निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म की कहानी तैयार करने के लिए देवराहा बाबा से संबंधित पुस्तकों, तस्वीरों, पुराने दस्तावेजों, संस्मरणों और प्रत्यक्षदर्शियों के विवरणों का अध्ययन किया जा रहा है। फिल्म में उनके जीवन से जुड़े इतिहास, आस्था, राजनीति और रहस्य के विभिन्न पहलुओं को सामने लाने का प्रयास होगा।
नीम करौली बाबा से जुड़े प्रसंग भी चर्चा में
देवराहा बाबा और नीम करौली बाबा लगभग एक ही दौर में सक्रिय रहे थे। ‘मचान बाबा’ के लिए किए जा रहे शोध के दौरान उपलब्ध कुछ संस्मरणों और मौखिक विवरणों में दोनों संतों की मुलाकातों का उल्लेख मिलता है। इन विवरणों में नीम करौली बाबा द्वारा देवराहा बाबा के प्रति सम्मान जताए जाने की बात भी कही गई है।
फिलहाल फिल्म निर्माण-पूर्व तैयारी और शोध के चरण में है। वर्ष 2027 में इसकी प्रस्तावित रिलीज को देखते हुए अब दर्शकों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि निर्माताओं की टीम संत देवराहा बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत को किस रूप में बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करती है।
