×

SBI Life की पहली तिमाही दमदार, नए कारोबार और प्रीमियम में मजबूत बढ़ोतरी

SBI Life की पहली तिमाही दमदार, नए कारोबार और प्रीमियम में मजबूत बढ़ोतरी
 एसबीआई लाइफ ने पहली तिमाही में कमाए 724.93 करोड़ रुपये, लाभ में 22% की बढ़ोतरी

मुंबई। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस (SBI Life Insurance) कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के वित्तीय परिणाम जारी करते हुए मजबूत कारोबारी प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 22 प्रतिशत बढ़कर 724.93 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 594.37 करोड़ रुपये था।

कंपनी की शुद्ध प्रीमियम आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। पहली तिमाही में शुद्ध प्रीमियम आय 16.87 प्रतिशत बढ़कर 20,078.21 करोड़ रुपये रही, जो एक वर्ष पहले इसी अवधि में 17,178.50 करोड़ रुपये थी।

सकल लिखित प्रीमियम (जीडब्ल्यूपी) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज करते हुए यह 21,290 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कंपनी के अनुसार, यह वृद्धि नए व्यवसाय प्रीमियम में 23 प्रतिशत और नवीकरण प्रीमियम में 17 प्रतिशत की वृद्धि के कारण संभव हुई।

व्यक्तिगत नए व्यवसाय प्रीमियम में 14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 5,610 करोड़ रुपये रहा, जबकि वार्षिक प्रीमियम समतुल्य (एपीई) 36 प्रतिशत बढ़कर 5,380 करोड़ रुपये हो गया। नए कारोबार का मूल्य (वीओएनबी) 29 प्रतिशत बढ़कर 1,410 करोड़ रुपये रहा, हालांकि नए कारोबार का मार्जिन पिछले वर्ष के 27.4 प्रतिशत से घटकर 26.2 प्रतिशत पर रहा।

कंपनी का भारतीय अंतर्निहित मूल्य (आईईवी) 15 प्रतिशत बढ़कर 85,290 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, प्रबंधन के अंतर्गत परिसंपत्तियां (एयूएम) 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,24,850 करोड़ रुपये और शुद्ध संपत्ति 13 प्रतिशत बढ़कर 20,110 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

30 जून 2026 तक कंपनी का सॉल्वेंसी अनुपात 1.96 रहा, जो नियामकीय आवश्यकता 1.50 से काफी अधिक है। पहली तिमाही में कंपनी ने 3,970 करोड़ रुपये के व्यक्तिगत रेटेड प्रीमियम के साथ निजी जीवन बीमा बाजार में 22.2 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखी।

एसबीआई लाइफ ने अपने वितरण नेटवर्क का भी विस्तार किया है। वर्तमान में कंपनी के पास देशभर में 3,71,935 प्रशिक्षित बीमा पेशेवर और 1,241 कार्यालय हैं। एपीई चैनल मिश्रण में बैंक इंश्योरेंस की हिस्सेदारी 47 प्रतिशत, एजेंसी चैनल 25 प्रतिशत तथा अन्य चैनलों की हिस्सेदारी 28 प्रतिशत रही।

एजेंसी चैनल के माध्यम से व्यक्तिगत नए व्यवसाय प्रीमियम 17 प्रतिशत बढ़कर 1,550 करोड़ रुपये हो गया, जबकि अन्य चैनलों ने 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,030 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया। कंपनी ने 13वें और 49वें महीने के निरंतरता अनुपात में क्रमशः 61 और 68 आधार अंकों का सुधार दर्ज किया, जो बेहतर ग्राहक प्रतिधारण और व्यवसाय की गुणवत्ता को दर्शाता है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित झिंगरान ने कहा कि एसबीआई लाइफ ने अपनी विकास यात्रा को मजबूती से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और गारंटीकृत बचत उत्पादों की बढ़ती मांग ग्राहकों की बदलती प्राथमिकताओं को दर्शाती है। मजबूत ब्रांड, विविध वितरण नेटवर्क, बेहतर सेवा गुणवत्ता और तकनीक आधारित क्षमताओं के दम पर कंपनी भविष्य में भी सुरक्षा, बचत और सेवानिवृत्ति समाधानों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए तैयार है।

शेयर बाजार में भी कंपनी के शेयरों में हल्की तेजी रही। बीएसई पर एसबीआई लाइफ का शेयर 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,857.65 रुपये पर बंद हुआ।

Share this story