टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने थामा BJP का दामन, बोले- ‘देश और युवाओं के लिए करना चाहता हूं काम’
नई दिल्ली। नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा चेहरा मिला है। भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
लिएंडर पेस भारत के सबसे सफल और प्रतिष्ठित खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्हें पद्म श्री, पद्म भूषण, अर्जुन पुरस्कार और राजीव गांधी खेल रत्न जैसे बड़े सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह मौजूद रहे।
डॉ. सुकांत मजूमदार ने लिएंडर पेस का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे पश्चिम बंगाल और देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने पेस को “बंगाल का सपूत” बताते हुए कहा कि उनका जुड़ना भाजपा के विस्तार में अहम भूमिका निभाएगा।
वहीं किरेन रिजिजू ने कहा कि लिएंडर पेस लंबे समय से युवाओं के प्रेरणास्रोत रहे हैं और अब वे सार्वजनिक जीवन में एक नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
पेस ने कहा कि भाजपा में शामिल होना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है और वे राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहते हैं। खासकर खेल के क्षेत्र में युवाओं को अधिक अवसर देने और खेल अवसंरचना को मजबूत करने पर उनका फोकस रहेगा।
उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए मजबूत आधारभूत ढांचे की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि जब भारत ओलंपिक की मेजबानी करेगा, तब देश को बेहतर प्रदर्शन करना होगा और इसके लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
