Panchayat Season 5: प्रधान की कुर्सी बदली, अब फुलेरा में क्या होगा? Panchayat-5 में दिखेगी नई सियासी जंग
नई दिल्ली। लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए मेकर्स ने नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को सीजन-5 का नया पोस्टर जारी करते हुए बताया कि यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 से स्ट्रीम होगी। पोस्टर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासतौर पर बनराकस, सचिव जी और रिंकी के किरदारों को लेकर दर्शकों में उत्सुकता देखी जा रही है।
नए पोस्टर में अभिनेता दुर्गेश कुमार का किरदार बनराकस, सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी की ओर इशारा करता नजर आ रहा है। पोस्टर में सचिव जी जमीन पर गिरे दिखाई देते हैं। इसके साथ ही प्राइम वीडियो ने लिखा, 'थोड़ी तकरार, थोड़ा प्यार रहेगा, फुलेरा में आपका इंतजार रहेगा।' इस संदेश ने नए सीजन में हास्य, राजनीतिक खींचतान और रिश्तों के नए समीकरणों को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
**बदली सत्ता के बीच बढ़ेंगी सचिव जी की मुश्किलें**
सीरीज के चौथे सीजन का अंत फुलेरा गांव की राजनीति में बड़े बदलाव के साथ हुआ था। पंचायत चुनाव में मंजू देवी और प्रधान जी को हार का सामना करना पड़ा, जबकि क्रांति देवी गांव की नई प्रधान बन गईं। इसके बाद बनराकस की भूमिका भी पहले से ज्यादा प्रभावशाली हो गई है। पांचवें सीजन में इसी बदले हुए राजनीतिक माहौल का असर सचिव जी की नौकरी और गांव के दूसरे किरदारों पर देखने को मिल सकता है।
मेकर्स की ओर से जारी कहानी के आधिकारिक विवरण के मुताबिक, नए नेतृत्व के साथ अभिषेक का कार्यस्थल पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाला है। वह एमबीए करने के अपने सपने को आगे बढ़ाना चाहता है, लेकिन फुलेरा में अधूरे काम और जिम्मेदारियां पूरी किए बिना उसके लिए आगे बढ़ना आसान नहीं होगा।
**रिंकी और अभिषेक के रिश्ते पर भी नजर**
पिछले सीजन में अभिषेक और रिंकी के रिश्ते को नया मोड़ मिला था। दोनों ने एक-दूसरे के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर की थीं। ऐसे में दर्शकों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि पांचवें सीजन में उनके रिश्ते की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है। वहीं, चुनाव हारने के बाद प्रधान जी और मंजू देवी की जिंदगी में आने वाले बदलाव भी कहानी का अहम हिस्सा होंगे।
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवार, दुर्गेश कुमार, फैजल मलिक, चंदन रॉय और सान्विका अपने चर्चित किरदारों में नजर आएंगे। अब दर्शकों को 3 दिसंबर का इंतजार है, जब फुलेरा की नई कहानी और पुराने किरदारों के बीच बदलते रिश्तों से पर्दा उठेगा।
