स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा? दिल्ली पुलिस की रेड में 29 महिलाएं मुक्त, 15 गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित रूप से संचालित हो रहे देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेंट्रल जिला पुलिस ने 26 नवंबर को नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग इलाके में स्थित चार स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने 29 महिलाओं को मुक्त कराया, जबकि 15 लोगों को गिरफ्तार अथवा हिरासत में लिया गया। पकड़े गए लोगों में स्पा संचालक, सह-संचालक, मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, कुछ स्पा सेंटरों में मसाज और अन्य सेवाओं की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने डिकॉय ग्राहक (छद्म ग्राहक) भेजकर जानकारी की पुष्टि की। आरोपों की पुष्टि होने के बाद चारों प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
नबी करीम और पहाड़गंज में कार्रवाई
नबी करीम थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित ए-वन स्पा एंड सैलून में छापेमारी के दौरान छह महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने मौके से संचालक, सह-संचालक और मैनेजर समेत आठ लोगों को पकड़ा।
वहीं, पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित ऑर्गेनिक स्पा में कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। यहां से पुलिस ने पांच हजार रुपये नकद, तीन कंडोम, एक रजिस्टर और पेन बरामद किया। मैनेजर को हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई।
करोल बाग के दो स्पा सेंटरों से 20 महिलाएं मुक्त
करोल बाग स्थित मौर्य स्पा और हेरिटेज स्पा में भी पुलिस ने डिकॉय ग्राहक भेजकर कार्रवाई की। मौर्य स्पा से 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया और दो मैनेजर समेत छह लोगों को पकड़ा गया। वहीं, हेरिटेज स्पा से भी 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया। यहां से रिसेप्शनिस्ट-कम-मैनेजर को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने चारों स्पा सेंटरों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (आईटीपी एक्ट) की धारा 3, 4 और 5 के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान नकदी, ग्राहक रजिस्टर, लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए।
बिना पुलिस सत्यापन कर्मचारियों को रखने पर भी कार्रवाई
इस अभियान के तहत पटेल नगर थाना पुलिस ने ईस्ट पटेल नगर स्थित दो अन्य स्पा सेंटरों के खिलाफ भी कार्रवाई की। यहां कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराने के मामले में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223(ए) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी मामलों की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन गतिविधियों में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा स्पा सेंटरों के संचालन से जुड़े दस्तावेज और लाइसेंस नियमों के अनुरूप थे या नहीं।
