भारत में डायवू की बड़ी एंट्री: गाजियाबाद में खुला पहला एक्सपीरियंस स्टोर, 2027 तक 100 स्टोर खोलने का लक्ष्य
गाजियाबाद। दक्षिण कोरियाई इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड डायवू (Daewoo) ने भारत में अपनी मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गाजियाबाद के इंदिरापुरम में देश का पहला डायवू एक्सपीरियंस स्टोर लॉन्च किया है। इस फ्लैगशिप स्टोर का संचालन ईबीजी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। कंपनी ने भारत में विस्तार के लिए 150 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है और वर्ष 2027 तक 100 एक्सपीरियंस स्टोर खोलने का लक्ष्य रखा है।
करीब 3,200 वर्ग फीट में फैले इस आधुनिक स्टोर का उद्घाटन अभिनेता मुरली शर्मा ने किया। इस दौरान POSCO इंटरनेशनल के प्रतिनिधि, ईबीजी ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, डीलर और ग्राहक भी मौजूद रहे।
एक ही छत के नीचे मिलेंगे आधुनिक घरेलू उपकरण
डायवू एक्सपीरियंस स्टोर में ग्राहकों को रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, डिशवॉशर, माइक्रोवेव ओवन, स्मार्ट टीवी, किचन अप्लायंसेस और अन्य आधुनिक उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की विस्तृत रेंज देखने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
स्टोर में लाइव डेमो, पर्सनल प्रोडक्ट कंसल्टेशन और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे ग्राहकों को बेहतर खरीदारी अनुभव मिल सके।
150 करोड़ के निवेश से होगा बड़ा विस्तार
ईबीजी ग्रुप के संस्थापक डॉ. इरफान खान ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य डायवू को भारत के सबसे भरोसेमंद उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांडों में शामिल करना है। इसके लिए उत्पाद विकास, वितरण नेटवर्क, रिटेल विस्तार और नई उत्पाद श्रेणियों पर 150 करोड़ रुपये निवेश किए जाएंगे।
2027 तक खुलेंगे 100 एक्सपीरियंस स्टोर
कंपनी ने घोषणा की है कि 2027 तक देशभर में लगभग 100 डायवू एक्सपीरियंस स्टोर स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही ऑनलाइन बिक्री, ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, जनरल ट्रेड और प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेल चैनलों के जरिए भी ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाई जाएगी।
'मेक इन इंडिया' को मिलेगा बढ़ावा
ईबीजी ग्रुप ने बताया कि भारत सरकार के 'मेक इन इंडिया' अभियान के तहत डायवू के उत्पाद भारत में असेंबल किए जाएंगे। समय के साथ स्थानीयकरण बढ़ाया जाएगा, जिससे घरेलू विनिर्माण को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
AI और IoT आधारित स्मार्ट होम की तैयारी
कंपनी भविष्य में 'Daewoo One' नाम से AI और IoT आधारित स्मार्ट होम इकोसिस्टम भी लॉन्च करेगी। इसके जरिए घर के कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एक-दूसरे से जुड़े होंगे और उपभोक्ताओं को स्मार्ट, कनेक्टेड और ऊर्जा-कुशल तकनीक का अनुभव मिलेगा।
