3S Vyapar काशी चैप्टर की बिजनेस नेटवर्किंग मीटिंग संपन्न, डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष प्रशिक्षण और नए पदाधिकारियों की घोषणा
वाराणसी। व्यापारियों और उद्यमियों के बीच नेटवर्किंग, ज्ञान साझा करने और नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3S Vyapar काशी चैप्टर की बिजनेस नेटवर्किंग मीटिंग रविवार को होटल अमाया, कैंटोनमेंट में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यापारियों, स्टार्टअप उद्यमियों और प्रोफेशनल्स ने भाग लिया। कार्यक्रम में डिजिटल मार्केटिंग, वेबसाइट डेवलपमेंट, व्यापारिक सहयोग और संगठनात्मक विस्तार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत प्री-नेटवर्किंग (वन-टू-वन इंटरैक्शन) सत्र से हुई। इसके बाद 3S Vyapar के संस्थापक विपिन मिश्र ने संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और व्यापारिक समुदाय को एक मजबूत नेटवर्क उपलब्ध कराने की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते कारोबारी माहौल में नेटवर्किंग और ज्ञान साझा करना व्यवसाय की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है।
व्यापारियों के हित में मिलकर काम करेंगे: अरुण सिंह रघुवंशी

बैठक के मुख्य अतिथि काशी उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष अरुण सिंह रघुवंशी रहे। उनका स्वागत संस्थापक विपिन मिश्र, निदेशक कामाक्षी पांडेय और काशी चैप्टर के अध्यक्ष अभिषेक चतुर्वेदी ने किया।
अपने संबोधन में अरुण सिंह रघुवंशी ने कहा कि काशी उद्योग व्यापार समिति और 3S Vyapar मिलकर व्यापारियों के हित में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से स्थानीय व्यापारिक समुदाय को नई ऊर्जा और बेहतर अवसर मिलेंगे।
डिजिटल मार्केटिंग अब हर व्यवसाय की जरूरत

बैठक का प्रमुख आकर्षण Training Bharat सत्र रहा, जिसमें डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ हिमांशु पाठक ने "Digital Marketing अब Optional नहीं, बल्कि Essential Requirement है" विषय पर प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने कहा कि आज के समय में किसी भी व्यवसाय की सफलता के लिए डिजिटल उपस्थिति, सोशल मीडिया ब्रांडिंग, वेबसाइट और सर्च इंजन विजिबिलिटी बेहद आवश्यक हो गई है। उन्होंने प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग के व्यावहारिक उपयोग और ऑनलाइन व्यवसाय विस्तार की रणनीतियों से भी अवगत कराया।
वेबसाइट से बढ़ती है व्यवसाय की विश्वसनीयता
Vyapar Presentation सत्र में जिब्रान अहमद ने वेबसाइट डेवलपमेंट के महत्व पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि प्रोफेशनल वेबसाइट किसी भी व्यवसाय की विश्वसनीयता बढ़ाने के साथ नए ग्राहकों तक पहुंचने और ऑनलाइन बाजार में पहचान बनाने का प्रभावी माध्यम है।
नए सदस्यों का हुआ स्वागत

कार्यक्रम के दौरान संगठन से जुड़े नए सदस्यों का सम्मान भी किया गया। इनमें सोलर व्यवसाय से जुड़े देवेश कुमार गुप्ता, किचन एवं लॉन गार्डनिंग विशेषज्ञ सौरभ वर्मा, बनारसी साड़ी निर्माता The Panaya के CEO विरेंद्र अग्रवाल तथा टूर एंड ट्रैवल्स व्यवसाय से जुड़े राहुल मिश्रा शामिल रहे।
काशी चैप्टर की नई टीम घोषित

बैठक में 3S Vyapar काशी चैप्टर के नए पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। इसमें-
-
अध्यक्ष - अभिषेक चतुर्वेदी
-
उपाध्यक्ष - विकास त्रिपाठी
-
सचिव - देश दीपक सिंह
-
कोषाध्यक्ष - नीरज मिश्रा
को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी पदाधिकारियों ने संगठन के विस्तार और व्यापारिक समुदाय को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
'Invest in UP' पर होगा विशेष सत्र

सचिव देश दीपक सिंह ने घोषणा की कि आगामी प्रत्येक बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार की 'Invest in UP' पहल पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें अलग-अलग व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, निवेश के अवसरों और व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
26 जुलाई को होगी अगली बैठक

कार्यक्रम के अंत में 3S Vyapar की निदेशक कामाक्षी पांडेय ने सभी अतिथियों, सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद पोस्ट-नेटवर्किंग और ब्रेकफास्ट सत्र आयोजित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि 3S Vyapar काशी चैप्टर की अगली बिजनेस नेटवर्किंग मीटिंग 26 जुलाई 2026 को सुबह 8 बजे आयोजित की जाएगी। संस्था का उद्देश्य व्यापारियों और उद्यमियों को नेटवर्किंग, ज्ञान, डिजिटल विकास और व्यावसायिक सहयोग के माध्यम से एक मजबूत बिजनेस इकोसिस्टम उपलब्ध कराना है।
