Sudha Milk Price: बिहार में महंगा हुआ सुधा दूध, 22 मई से लागू होंगी नई कीमतें
पटना। बिहार के लोगों को शुक्रवार से दूध के लिए ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। राज्य की प्रमुख डेयरी संस्था सुधा डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 22 मई 2026 से प्रभावी होंगी। बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत में इजाफे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
नई कीमतों के अनुसार अब सुधा गोल्ड फुल क्रीम दूध 67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 65 रुपये थी। इसी तरह सुधा शक्ति दूध 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं सुधा काऊ मिल्क भी अब 54 रुपये की जगह 56 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा।
हालांकि उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि फिलहाल दही, घी, लस्सी, पनीर और पेड़ा जैसे अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने बताया कि पशुचारा, परिवहन और वितरण खर्च में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके चलते दूध उत्पादन की लागत बढ़ गई है, जिससे कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था। संस्था का कहना है कि किसानों और डेयरी व्यवस्था के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अमूल और मदर डेयरी भी अपने दूध उत्पादों के दाम बढ़ा चुके हैं। ऐसे में अब सुधा डेयरी की बढ़ी कीमतों का असर सीधे आम लोगों की रसोई पर पड़ने वाला है। दूध महंगा होने से चाय, मिठाई और रोजमर्रा के खाद्य खर्च में भी बढ़ोतरी की संभावना है।
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों पर इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है।
