पटना। नेपाल के तराई और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार में साफ दिखाई देने लगा है। उत्तर बिहार की कई प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा गहरा गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि जल संसाधन विभाग ने नदी तटबंधों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी तेज कर दी है।
प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नेपाल से आने वाले पानी के कारण बागमती, कमला, अधवारा समूह की नदियों समेत उत्तर बिहार की कई नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। यदि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है और लोगों से नदी किनारे जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
